ननिहाल में रह रही युवती लापता
- पिता ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना क्षेत्र के गांव में अपनी ननिहाल में रह रही एक युवती को गांव जसरऊ का रहने वाला युवक अपने साथ ले गया। काफी तलाश के बाद भी जब युवती का कोई पता नहीं लगा तो पिता ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है।
शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली एक युवती थाना क्षेत्र के एक गांव स्थित अपनी ननिहाल में रह रही थी। 18 जनवरी को वह घर पर थी। तभी थाना क्षेत्र के गांव जसरऊ का रहने वाला कल्लू उर्फ अमन युवती को अपने साथ लेकर चला गया। जब काफी देर तक युवती घर नहीं आई तो परिजन को चिंता हुई। इसके बाद तलाश शुरू की। काफी खोजबीन करने के बाद भी कोई पता नहीं लग सका। पिता ने शुक्रवार को थाने पहुंच कर तहरीर दी। जसरऊ निवासी कल्लू पर पुत्री को ले जाने का आरोप लगाया। बताया कि पुत्री घर से जेवर भी अपने साथ ले गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी व युवती की तलाश शुरू कर दी है।