कासगंज सहावर के अभुपुरा में मासूम बच्ची की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। सहावर क्षेत्र में एक वर्षीय मासूम पिता की खोद से फिसलकर नहर में गिर गई। जिससे उसकी मौत हो गई। पिता के साथ उसका चार साल का बेटा भी था। बच्ची के बाबा ने सहावर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
सहावर कोतवाली क्षेत्र के गांव अभुपुरा निवासी शिवकुमार पुत्र नरायन सिंह अपनी एक साल की बेटी लक्ष्मी और चार साल के बेटे प्रवीन को खिलाने के लिए गांव नौपति के समीप गोरहा नहर किनारे ले गया। मंगलवार दोपहर लगभग 1 बजे मासूम लक्ष्मी नहर में गिर गई। इस दौरान शिवकुमार अपने बेटे को लेकर झाड़ियों की ओर भागने लगा। लोगों की नजर उस पर पड़ी तो वह घबराहट में कुछ नहीं बता पाया। बाद में बाबा और पुलिस के आने पर बच्ची के नहर में गिर जाने की जानकारी हुई। पुलिस ने तत्काल ही गोताखोरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव नहर से निकाला। मासूम के बाबा ने थाना प्रभारी गनेश चौहान को बताया कि उनका पुत्र शिवकुमार मानसिक रूप से बीमार है। गोद में खिलाते समय बेटी पर नियंत्रण नहीं रहा होगा जिससे वह नहर में गिर गई और उसकी मौत हो गई।
मौके पर तरह-तरह की चर्चा
बाबा नरायन सिंह ने मासूम की मौत का कारण नहलाना या खिलाना बताया, लेकिन वहां यह भी चर्चा थी कि शिव कुमार ने अपनी बेटी को शायद स्वयं नहर में फेंक दिया। हालांकि कोई प्रत्यक्षदर्शी पुलिस के समक्ष नहीं आया। पुलिस ने चर्चा को पुष्ट करने की कोशिश की।
सहम गया मासूम
बेटी के नहर में गिरने के बाद पिता शिवकुमार अपने चार साल के बेटे प्रवीन को लेकर झाड़ियों में जाकर छिप गया। वहां पुलिस पहुंची तो प्रवीन सहमा दिखाई दिया और पुलिस को देखकर रोने लगा।
- कोई भी प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि मासूम किस तरह नहर में गिरी, पुलिस ने शव निकलवाकर परिजनों को दे दिया है। - गनेश चौहान, थानाध्यक्ष सहावर।
- हो सकता है कि नहलाते समय वह किसी तरह नहर में गिर गई हो। बेटा शिवकुमार मानसिक रूप से बीमार है। - नरायन सिंह, मृतका के बाबा।
कासगंज सहावर के अभुपुरा में डरा सहमा मासूम प्रवीन- फोटो : KASGANJ