विशाखापत्तनम से दिल्ली 20 किलोग्राम गांजा ट्रेन में लेकर जा रही युवती, हाईस्कूल की छात्रा व एक युवक को आगरा कैंट स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के तार दिल्ली में नशे के सौदागर गैंग से जुड़े हुए हैं। आगरा में भी गांजा बेचे जाने की आशंका पर जीआरपी पूछताछ कर रही है। दिल्ली के राहुल ने गांजा मंगवाया था।
आगरा कैंट जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार चक ने बताया कि शुक्रवार को विशाखापत्तनम नई दिल्ली एक्सप्रेस के एसी कोच में से उतरे एक युवक व दो युवतियां प्लेटफार्म नंबर तीन की सीढ़ियों के नजदीक बैठे थे। शक होने पर जीआरपी के जवान ने उनसे पूछा कि उन्हें कहां जाना है तो उन्होंने बताया कि दिल्ली जाना है, जबकि वह दिल्ली जाने वाली ट्रेन से स्टेशन पर उतरे थे।
उनके पास मिले तीन बैगों की तलाशी लेने पर 20 किलो गांजा बरामद हुआ। इसकी कीमत तकरीबन दो लाख रुपये है। पूछताछ में युवक ने अपना नाम इमरान अली निवासी दिल्ली, मूल निवासी हुगली बताया, जबकि युवती ने अपना नाम सीमा उर्फ रूबी निवासी बसंत कुंज दक्षिणी दिल्ली और 17 वर्षीय किशोरी भी बसंत कुंज की निवासी है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि युवती व युवक दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं और दूसरी बार गांजा लेकर जा रहे थे। आगरा से इन्हें सड़क मार्ग से दिल्ली जाना था। दिल्ली में यह गांजा राहुल नामक व्यक्ति को देना था। पकड़े गए युवक के पास से राहुल का मोबाइल नंबर मिला है। पुलिस ने बताया कि तीनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।