करहल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाग्रस्त कार को देखते प्रभारी निरीक्षक।
करहल (मैनपुरी)। गाजियाबाद से मऊ दबिश देने जा रही पुलिस की कार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे माइल स्टोन 80.600 किमी पर खड़े ट्रक से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना पर पहुुंचे थाना प्रभारी ललित भाटी ने घायलों को कार निकलवाने के बाद इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक अर्टिगा कार माइल स्टोन 80.600 किमी पर खड़े ट्रक से टकरा गई। तेज धमाके के साथ ही गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कार में सवार 5 पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज सैफई में भर्ती कराया गया। जानकारी करने पर पता चला कि हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मी थाना साहिबाबाद (गाजियाबाद) में तैनात उप निरीक्षक प्रकाश कुमार, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार, तरुण कुमार, नसीम, आरक्षी हरिओम और चालक विशाल हैं। तरुण, नसीम और हरिओम को अधिक चोट लगी है। वहीं अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बताया कि पुलिसकर्मी दबिश देने मऊ जा रहे थे।