एसएन मेडिकल कालेज के एक चिकित्साधिकारी ने नशे में एक बार जमकर हंगामा किया। इमरजेंसी के स्टाफ से अभद्रता की और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश भी की। परिवार के लोगों ने विनती कर पुलिस से छुड़ाया और घर ले गए।
इमरजेंसी में तैनात चिकित्साधिकारी शाम करीब चार बजे हंगामा तब शुरू किया जब उन्हें पता चला कि उनकी नाइट ड्यूटी लगा दी गई है। आरोप है कि वे नशे में थे। इनका अपने ही सहचिकित्सक से विवाद भी चल रहा है। पहले भी वे नशे में हंगामा कर चुके हैं। वहां स्टाफ के टोकने पर उसके साथ अभद्रता भी की। बाद में प्राचार्य से विरोध जताने जाने के लिए वे कार में जा बैठे। उन्हें नशे की हालत देखते हुए कर्मचारियों ने वहां जाने से रोका तो उन्होंने कार में रखी बोतल में से अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया और आग लगाकर जान देने की धमकी देने लगे। कर्मचारियों के हाथ-पैर फूल गए। उन्होंने उनसे बोतल छीनकर फेंकी और काबू में किया ताकि वे आग न लगा सकें। सूचना पर पुलिस और उनके परिवार के लोग भी आ गए। परिवारीजनों ने पुलिस से विनती कर उन्हें छुड़ाया और घर ले गए। प्राचार्य डा. एसके जैन ने बताया कि डाक्टर के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उनके मामले में कार्रवाई का फैसला अनुशासन कमेटी करेगी।
ओपीडी-वार्ड से लापता मिले डाक्टर
एसएन मेडिकल कालेज प्राचार्य को निरीक्षण में डाक्टर और नर्सिंग स्टाफ एक बार फिर लापता मिला। प्राचार्य ने शुक्रवार को करीब साढ़े नौ बजे सात मंजिला, ओपीडी और स्त्री रोग विभाग का दौरा किया। यहां नर्सिंग स्टाफ से लेकर डाक्टर तक नदारद थे। उपस्थिति रजिस्टर जब्त कर लिया गया है। इन्हें नोटिस दिया जा रहा है।