मैनपुरी। मंगलवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी ईशा प्रिया ने पांच ब्लॉकों के सचिवों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास और ऑपरेशन कायाकल्प के कार्य जल्द पूर्ण कराने के आदेश दिए। लापरवाही करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
विकास भवन स्थित आंबेडकर सभागार में मंगलवार को पांच ब्लॉकों के सचिवों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें ब्लॉक कुरावली, सुल्तानगंज, बेवर, घिरोर और किशनी के सचिवों ने प्रतिभाग किया। सीडीओ ईशा प्रिया ने कहा कि प्रधानमंत्री आवासों का काम जहां भी अधूरा है, उसे जल्द पूरा कराया जाए। इसके साथ ही स्कूलों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कराए जा रहे कार्य भी अब जल्द पूरे किए जाएं।
उन्होंने सभी पंचायत सचिवों को मनरेगा कार्य जारी रखने के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय का संचालन नियमित हो इसका भी ध्यान रखा जाए। इस दौरान परियोजना निदेशक केके सिंह, उपायुक्त मनरेगा पीसी राम, डीपीआरओ स्वामीदीन, एडीपीआरओ रोहित कुमार आदि मौजूद रहे।