बाह। बटेश्वर के गोस्वामी मोहल्ले में सोमवार की सुबह करीब 10 बजे गैस सिलिंडर के रेगुलेटर पाइप में रिसाव की वजह से रसोई में आग लग गई। रसोई में खाना बना रही अंजली आग और धुंए के बीच फंस गई। छत के रास्ते पहुंचे लोगों ने किसी तरह उनकी जान बचाई।
आग लगने से फ्रिज, घरेलू एवं रसोई का सामान जलकर नष्ट हो गया। दीवारों में दरार पड़ गई। गनीमत रही कि सिलिंडर नहीं फटा, वरना बड़ा हादसा हो जाता। बटेश्वर के गोस्वामी मोहल्ले के गौरीशंकर ने बताया कि सोमवार की सुबह वह दुकान पर चले गए थे। बेटे जगजीत की पत्नी अंजली रसोई में खाना बना रही थी। तभी गैस सिलिंडर के रेगुलेटर के पाइप में रिसाव से आग लग गई। आग की लपटों और धुंए के बीच फंसी अंजली बमुश्किल रसोई से बाहर आई। चीख पुकार पर छत के रास्ते पहुंचे लोगों ने उसे घर से निकाला और आग बुझाने में जुटे। करीब 2 घंटे में आग बुझाई जा सकी। हालांकि तब तक फ्रिज, सोफा, कुर्सी, टेबल, घरेलू सामान, रसोई का सामान जल कर नष्ट हो गया। तपिश से रसोई की दीवारों एवं खिड़कियों में दरार आ गई हैं। वहीं, बिजौली में सोमवार की सुबह खेत के पास रखी बाजरे की करब में आग लग गई। लपटें उठने पर ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। आग बुझने तक करू पंडित के 150 एवं कल्यान के 200 बंडल जल गए। समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बस्ती और घरों तक आग फैल सकती थी। अज्ञात कारणों से लगी आग बुझाने में ग्रामीण और किसान खुद भी जुटे थे। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आंकलन कर मुआवजा दिए जाने की मांग की है। संवाद