इलाहबांस। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव जरारा में बुधवार की रात एक झोपड़ी में रखे सिलिंडर में गैस लीकेज के चलते आग लग गई। कुछ देर बाद तेज धमाके साथ सिलिंडर फटा तो परिजन व ग्रामीण सहम गए। सिलिंडर फटने से हुए हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ। झोपड़ी व घरेलू सामान आदि जलकर राख हो गया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव जरारा निवासी मदन सिंह फेरी लगाकर लोगों के हाथ में टैटू बनाकर परिवार का भरण पोषण करता है। एक बेटी की शादी कर चुका है वहीं दूसरी की उम्र अभी 10 वर्ष है। बुधवार की रात वह खाना खाने के बाद झोपड़ी के बाहर चारपाई डालकर लेटा था। रात करीब 10 बजे झोपड़ी में रखे गैस सिलिंडर में लीकेज के चलते आग लग गई। अचानक सिलिंडर तेज धमाके साथ फटा तो परिजन व ग्रामीण सहम गए। मदन व परिजन काफी दूर भाग गए। आग की तीव्र लपटों से कुछ ही देर में झोपड़ी व उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। सिलिंडर फटने से हुए इस धमाके से मदन व उसके परिजन को कोई क्षति नहीं पहुंची। ग्रामीणों का कहना है कि गरीब परिवार को आगजनी में हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाए।