अमांपुर(कासगंज)। कछेला शेरपुर की भारत गैस कंपनी की एजेंसी के कर्मियों ने अपने मालिक पर हमला कर सोने की चैन भी लूटकर भाग गए। मामले की तहरीर पर अमांपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं।
शनिवार को दोपहर के समय गैस एजेंसी स्वामी रोहित गुप्ता गैस की गाड़ी आ जाने पर गैस सिलिंडर चैक करने पहुंचे। जब वो वहां पहुंचे तो गैस की सप्लाई गाड़ी का चालक सचिन निवासी नगला मुक्तायल व एजेंसी का मुनीम वसीम निवासी मोहल्ला नवाब गैस सिलिंडर से गैस निकाल रहे थे।
रोहित ने ऐसा करने से मना किया तो दोनों ही कर्मी उनसे झगड़ा करने लगे। कहासुनी बढ़ने पर सचिन कुछ देर में अपने पिता मनोज कुमार व एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को बुला लाया। सभी ने रोहित पर हमला कर दिया। उसके कपड़े फाड़ दिए। सोने की चैन (वजन करीब 26 ग्राम) व लोकेट लेकर धमकी देते हुए भाग गए। रोहित की तहरीर पर अमांपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।