कासगंज। जिले के गन्ना किसानों के लिए खुशखबरी है। न्यौली चीनी मिल द्वारा नए पेराई सत्र में खरीदे गए गन्ने की ऐवज में मिल भुगतान की तैयारी कर चुकी है। इसके लिए एडवाइजरी तैयार कर बैंकों में भेज दी गई है। गन्ना विभाग ने मिल के अधिकारियों से भुगतान से संबंधित विस्तृत जानकारी ली है।
जिले में गन्ने की खरीद न्यौली चीनी मिल द्वारा नवंबर महीने में शुरू की गई। जिलेभर में बड़े पैमाने पर गन्ने की फसल पैदा हुई। किसानों ने न्यौली चीनी मिल द्वारा जिले भर में बनाए गए 28 खरीद केंद्रों पर गन्ने की बिक्री की, लेकिन चीनी मिल ने भुगतान नहीं किया था। इसके बाद गन्ना विभाग ने न्यौली चीनी मिल को नोटिस जारी कर भुगतान के निर्देश दिए। उसके बाद अब चीनी मिल ने किसानों के गन्ना खरीद के ऐवज कुछ हद तक भुगतान की तैयारी पूरी कर ली है। 5 करोड़ रुपये की एडवाइजरी तैयार की गई है जो बैंकों में भेज दी गई है।
अंतिम चरण में गन्ना खरीद
गन्ने की खरीद अंतिम चरण में चल रही है। न्यौली चीनी मिल ने साफ कर दिया है कि अब चार या पांच दिन तक ही गन्ना खरीदा जाएगा। जिले में 8 हजार किसान पंजीकृत थे। साढ़े 7 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ना पैदा हुआ। गन्ने की कटाई लगभग पूरी हो गई है।