16एमएनपी-06-दीवानी गेट पर मास्क लगाकार चेकिंग करते पुलिसकर्मी
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कोरोना को लेकर हाईकोर्ट के निर्देश का असर सोमवार को दीवानी न्यायालय परिसर में नजर आया। दीवानी न्यायालय में पहुंचे वादकारियों और पैरोकारों को सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश करने दिया गया। मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मी भी सुरक्षा के लिहाज से मास्क पहनकर चेकिंग करते रहे।
कोरोना वायरस के प्रकोप को लेकर हाईकोर्ट ने चिंता जाहिर करते हुए जनपद न्यायाधीशों को सुरक्षा व्यवस्था चौकस करने के निर्देश दिए थे। जिला जज तेजप्रताप तिवारी ने रविवार को अपने आवास पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, प्रभारी सीएमओ डॉक्टर सीएम यादव के साथ बैठक करके रणनीति बनाई थी। सोमवार को कोर्ट खुलते ही पुलिस कर्मी कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनकर ड्यूटी पर पहुंच गए। दीवानी न्यायालय में तारीख करने पहुंचे वादकारियों और पैरोकारों को सघन तलाशी के बाद ही दीवानी न्यायालय में प्रवेश दिया गया। कोरोना से बचाव के लिए न्यायालय के अंदर मुंह को ढ़कने की सलाह दी गई। न्यायालय परिसर में प्रवेश करने वालों को बताया गया स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का हर हाल में पालन करें। विशेष तौर पर खासंते समय मुंह पर रुमाल अथवा गमछा जरूर रखें।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कृष्ण पांडेय ने बताया सोमवार को अपेक्षाकृत कम वादकारी और पैरोकार अदालत पहुंचे हैं। जो वादकारी नहीं आए हैं उनके मुकदमों में उनके खिलाफ अदालतों द्वारा आदेश पारित नहीं किए गए हैं।