रफ़रोजाबाद ! हिमायूपुर क्षेत्र में खुले कनेक्शन से सड़क पर बर्बाद होता गंगाजल
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सुहागनगरी में पानी का संकट होने के बावजूद हजारों लीटर गंगाजल प्रतिदिन नालियों में बह रहा है। बर्बाद होते गंगाजल को रोकने के लिए अफसर सार्थक पहल करते नजर नहीं आ रहे हैं। खुले कनेशनों को बंद कराने के लिए जलकल विभाग ने कई बार अभियान चलाया लेकिन सार्थक परिणाम सामने नहीं आए।
मोहल्ला नगला पचिया, हिमायूंपुर, बौद्धनगर, झलकारी नगर, झील की पुलिया, आसफाबाद, रानीनगर, कोटला रोड पर दर्जनों मोहल्लों में जेड़ाझाल परियोजना के तहत उपभोक्ताओं को कनेक्शन दिए गए हैं। यहां बड़ी संख्या में लोगों ने कनेक्शनों में टोटियां नहीं लगवाई हैं। कनेक्शन में टोटी न होने के कारण सुबह और शाम की जाने वाली गंगाजल की आपूर्ति के समय पानी सड़क अथवा नालियों में बह जाता है। ऐसे में कई बार पानी की आपूर्ति भी बाधित होती है।
कई बार निकले है पानी में सांप के बच्चे
खुले कनेक्शनों के कारण कई बार पानी में सांप के बच्चे निकल चुके हैं। इसके बाद भी विभागीय अफसर अनदेखी कर रहे हैं। मोहल्ला श्रीराम कॉलोनी निवासी शिव कुमार राठौर और नगला करन सिंह पुलिस चौकी के सामने गली में विगत दिनों पानी में सांप का बच्चा निकला था। इससे पूर्व भी कश्मीरीगेट क्षेत्र में भी पानी की आपूर्ति के दौरान सांप का बच्चा निकला था।
पानी की बर्बादी रोकने के लिए खुले कनेक्शनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सख्ती से अभियान चलाकर खुले कनेक्शनों को बंद कराया जाएगा।
रामबाबू राजपूत महाप्रबंधक, जलकल विभाग