संजय प्लेस जोनल पंपिंग स्टेशन के सामने पाइपलाइन लीक होने से लाखों लीटर गंगाजल सड़क पर बहता रहा। जलभराव से राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी हुई, वहीं लीकेज के कारण एचआईजी फ्लैट्स में पानी का दबाव भी कम हो गया।
आगरा के संजय प्लेस में जोनल पंपिंग स्टेशन में पाइपलाइन लीक होने के कारण सड़क पर पानी पूरे दिन फैलता रहा। लोगों के घरों में नलों की जगह सड़कों पर गंगाजल बहकर बर्बाद हो गया। लाखों लीटर पानी संजय प्लेस जोनल पंपिंग स्टेशन और सेंट पीटर्स रोड पर भर गया।
विज्ञापन
स्कूली बच्चों के साथ क्षेत्रीय लोगों को भी इससे परेशानी का सामना करना पड़ा। संजय प्लेस एचआईजी फ्लैट्स को इस लाइन से जलापूर्ति होती है, इस वजह से प्रेशर कम होने से कई घरों में पानी ही नहीं पहुंचा। राहगीर अमित कुमार सिंह ने बताया कि संजय प्लेस में वह काम से आए थे लेकिन यहां काफी पानी भरा मिला।
संजय प्लेस जोनल पंपिंग स्टेशन के अंदर से ही पानी बाहर फैलता हुआ आया। यहां काफी ढलान है। पानी सेंट पीटर्स रोड पर बने कचरा ट्रांसफर स्टेशन तक आ गया। पूरे दिन यह लीकेज बना रहा, जिससे जलभराव से होकर ही यहां से लोग निकले। इस ऑफिस के पास ही केंद्रीय सरकार के कार्यालय हैं, जहां पानी भर गया।
विज्ञापन
जलकल के अधिशासी अभियंता संघभूषण ने बताया कि लीकेज लाइन से संजय प्लेस एचआईजी फ्लैट्स को जलापूर्ति होती है। इससे यहां प्रभाव पड़ा। एक लीकेज की मरम्मत करा दी गई, लेकिन दूसरे की मरम्मत का काम मंगलवार को कराया जाएगा।