कासगंज के लहरा गंगाघाट पर गंदगी का आलम
- फोटो : KASGANJ
सोरों(कासगंज)। सोरों पालिका की अनदेखी ने गंगा स्वच्छता अभियान को पलीता लगाया है। कांवड़ मेले के बाद लहरा गंगाघाट पर जगह-जगह गंदगी जमा हो गई है जो जल प्रदूषण भी बढ़ा रही है। मेले के दौरान श्रद्धालु गंगा किनारे ही पुरानी पूजा सामग्री, पॉलिथीन छोड़ गए। गंगा घाट पर गंदगी का ही दृश्य दिखाई दे रहा था।
महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तीर्थनगरी सोरों और लहरा घाट पर कांवड़ मेला लगा। भक्ति की निर्मल गंगा बही लेकिन पालिका ने लहरा घाट पर साफ-सफाई को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। पालिका की अनदेखी से मोक्ष दायिनी का दर्द बढ़ गया। स्वच्छता अभियान के नाम पर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है वहीं लहरा घाट पर लगे कांवड़ मेले में बेसुध बनी रही। घाट पर टॉयलेट के इंतजाम ना काफी थे और न ही कूड़ेदान रखवाए गए। गंगा किनारे जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं जो जल प्रदूषण को बढ़ावा देते हुए स्वच्छता अभियान को आइना दिखा रहे हैं।