कासगंज। सिढ़पुरा क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की किशोरी के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में एडीजे प्रथम न्यायालय में तीसरे दिन भी ट्रायल हुआ। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण करने वाले डिप्टी सीएमओ सहित दो चिकित्सकों ने न्यायालय में पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए। इस मामले में शुक्रवार को भी सुनवाई होगी।
एक आरोपी के शैक्षिक प्रमाण पत्र के संबंध में संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य को तलब किया गया है जबकि न्यायालय ने गवाही के लिए पीड़िता के पिता को बुलाया है। पुलिस पीड़िता के पिता को न्यायालय में पेश करेगी।
1 दिसंबर को सिढ़पुरा क्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित जाति की एक किशोरी के साथ गांव के ही पुष्पेंद्र, घनश्याम, सुरेश, अंकित ने सामूहिक दुष्कर्म किया। मामले की सुनवाई अपर जिला जज प्रथम नवनीत कुमार के न्यायालय में हो रही है। प्रतिदिन ट्रायल किया जा रहा है। दो आरोपियों को बचाव पक्ष की ओर से नाबालिग होने का दावा किए जाने के मामले में आरोपी घनश्याम ने शिक्षा गृहण किए जाने वाले स्कूल के शिक्षक के बयान हुए।
बुधवार को संबंधित स्कूल के शिक्षक के बयान दर्ज किए गए। बृहस्पतिवार को पीड़िता का मेडिकल करने वाले डिप्टी सीएमओ डॉ. अविनाश कुमार डा. लव कुमार सहित तीन चिकित्सकों को न्यायालय ने तलब किया था। उन्होंने बृहस्पतिवार को बयान दर्ज कराए। न्यायालय ने शुक्रवार को गवाही के लिए पीड़िता के पिता को तलब किया है। जबकि आरोपी पुष्पेंद्र के नाबालिग होने का दावा किए जाने के संबंध में शैक्षिक प्रमाण पत्रों की गवाही के लिए संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य को तलब किया गया है।
शिक्षक के खिलाफ वारंट जारी
कासगंज। आरोपी पुष्पेंद्र के शैक्षिक प्रमाण पत्रों के संबंध में संबंधित स्कूल के शिक्षक को एडीजे प्रथम न्यायालय में तलब किया गया था, लेकिन बृहस्पतिवार को संबंधित शिक्षक गवाही के लिए नहीं पहुंचा। शिक्षक के खिलाफ न्यायालय ने जमानती वारंट जारी कर दिया है। शुक्रवार को न्यायालय ने शिक्षक को तलब किया है।
एक चिकित्सक की आज होगी गवाही
कासगंज। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण तीन शिक्षकों के पैनल ने किया था। डिप्टी सीएमओ और एक चिकित्सक की गवाही हो गई है, लेकिन पैनल में शामिल एक अन्य चिकित्सक की गवाही अभी तक नहीं हुई है। पैनल के तीसरे चिकित्सक की गवाही की तिथि शुक्रवार को नियत की गई है।
अलग की नाबालिग मामले की पत्रावली
कासगंज। सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों के नाबालिग होने के मामले में न्यायालय ने नाबालिग दावे की पत्रावली अलग कर दी है। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अलग और नियमित सुनवाई होगी। जबकि नाबालिग मामले की पत्रावली पर एडीजे न्यायालय में ही अलग सुनवाई होगी।
डीएनए रिपोर्ट लेने भेजी टीम
कासगंज। सिढ़पुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक टीम डीएनए रिपोर्ट लेने लखनऊ भेज दी है। शुक्रवार को पुलिस एसपी की ओर से दिए गए पत्र को प्रयोगशाला में दाखिल करेगी। जिससे जल्द रिपोर्ट मिल सके।
पीड़िता के पिता को सुरक्षा में भेजा जाएगा न्यायालय
पीड़िता के पिता को न्यायालय में पुलिस सुरक्षा में पेश किया जाएगा। दो चिकित्सकों के बयान हो गए हैं। न्यायालय में पैरवी के लिए पुलिस की पूरी तैयारी है। डीएनए रिपोर्ट लेने पुलिस भेजी है - गवेंद्र गौतम, सीओ पटियाली/विवेचक।