महिला अफसर की शह पर सफेद चावल के काले कारोबार का खेल चल रहा था। हरियाणा, राजस्थान सहित कई राज्यों में खेरागढ़ के राशन माफिया सुमित अग्रवाल का सिंडिकेट फैला हुआ है।
आगरा में मुफ्त बंटने वाले राशन में सफेद चावल का काला कारोबार हो रहा है। सबसे बड़े राशन माफिया को एक महिला अफसर की शह है। 270 क्विंटल चावल पकड़े जाने के बाद से खेरागढ़ का राशन माफिया सुमित और उसका जीजा मनीष फरार हैं। दोनों महिला अफसर के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
अछनेरा के रायभा में मंगलवार को पूर्ति विभाग ने छापा मारा। एफसीआई गोदाम की 2 बोरी सहित 270 क्विंटल चावल जब्त किया, जिसे कालाबाजारी करते हुए कई राज्यों में बेचा जाता था। इस सिंडिकेट का सरगना पीपलखेड़ा निवासी सुमित अग्रवाल बताया जा रहा है। इसके विरुद्ध 3 महीने पहले भी पूर्ति विभाग ने खेरागढ़ में केस दर्ज कराया था। रिश्तेदार महिला पीसीएस अफसर ने बचाव किया।
अब, वह अपने जीजा मनीष अग्रवाल उर्फ मन्नो के गोदाम पर चावल का भंडारण कर रहा था। दोनों के विरुद्ध किरावली थाना में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जिला पूर्ति अधिकारी संजीव सिंह के अनुसार सुमित अग्रवाल का सिंडिकेट हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों में फैला है। यह बड़ा राशन माफिया है। जिसके गिरोह में एक दर्जन से अधिक लोग हैं, जो जिलेभर से राशन के चावल का उठान कराता है। फिर इसे अन्य राज्यों में बेचता है।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि सुमित अग्रवाल की रिश्तेदार महिला अफसर कलेक्ट्रेट में तैनात है। महिला का पति भी सरकारी विभाग में है। सुमित अग्रवाल उनका रिश्तेदार है। संरक्षण प्राप्त होने के कारण पूर्ति निरीक्षक माफिया के विरुद्ध कार्रवाई नहीं कर पा रहे थे। आरोप है कि महिला अफसर निरीक्षकों पर कार्रवाई नहीं करने का दबाव डालती थी।
सिंडिकेट में एक दर्जन से अधिक लोग
बिचपुरी निवासी कुंवरसेन चौधरी ने मार्च 2024 में डीएम कार्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई थी। राशन की कालाबाजारी करने वाले सिंडिकेट में खंदारी निवासी ओम प्रकाश गुप्ता, फरह निवासी एफसीआई ठेकेदार गौरव अग्रवाल, पीपलखेड़ा निवासी सुमित अग्रवाल व अमित अग्रवाल, रायभा निवासी मनीष अग्रवाल, खेरागढ़ निवासी हरिओम उर्फ झब्बू, मोहनलाल, पवन कुमार, फतेहाबाद बेझरा निवासी शेरू, रामबाग निवासी कुनाल, बरारा निवासी लोकेश, संजू और नैनू के अलावा आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-7 निवासी हरिश उर्फ हर्रो और मलपुरा निवासी हेमेंद्र उर्फ गोपाल पर शामिल होने का आरोप है। डीएसओ संजीव सिंह ने बताया कि इनमें 6 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कराए हैं। बाकी लोगों की जांच चल रही है।
एडीएम नागरिक आपूर्ति का अर्दली निलंबित
एडीएम नागरिक आपूर्ति सुशीला अग्रवाल के अर्दली को डीएम के आदेश पर निलंबित कर दिया गया है। अर्दली की राशन माफिया से मिलीभगत की आशंका है। संबंधों की जांच कराई जा रही है। अर्दली गौरव शर्मा के विरुद्ध लगातार जिलाधिकारी को शिकायतें मिल रही थीं। जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।