विप्रावली के जंगल में सज रही जुए की महफिल, पुलिस पर उठे सवाल
पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव विप्रावली स्थित जंगल में खुलेआम जुए की महफिल सजने का मामला सामने आया है। जुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में दर्जनों लोग हाथों में रुपये लेकर दांव लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जंगल में लंबे समय से लाखों रुपये का जुआ खेला जा रहा है, जिसमें आसपास के गांवों के साथ-साथ बाहरी लोग भी पहुंच रहे हैं। जुए की सूचना मिलने पर एक ग्रामीण ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस मौके तक नहीं पहुंची। बताया गया कि पुलिस ने केवल गांव के बाहर कुछ लोगों से पूछताछ कर औपचारिकता निभा दी। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण जुआरियों के हौसले बुलंद हैं और इसका सीधा असर क्षेत्र के युवाओं पर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि क्षेत्र में जुए पर अंकुश लगाया जा सके। थाना प्रभारी का कहना है कि थाने पर ग्रामीणों द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई है। मामले को लेकर जल्द ही जंगल मे कॉम्बिंग की जाएगी।