सिकंदरा मंडी में एफएसडीए की टीम का छापा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बारिश में खराब हो चुकी सब्जियों को बेचने की शिकायत मिलने पर सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। सहायक आयुक्त खाद्य-2 महेंद्र श्रीवास्तव की टीम ने सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी का शुक्रवार दोपहर निरीक्षण किया, जहां 110 किलो सड़ी-गली सब्जियां पाई गईं। टीम ने इन्हें फिंकवाया।
इनमें 15 किग्रा मिर्च, 60 किग्रा पत्ता गोभी, करेला 15 किग्रा, परवल 10 किग्रा, चुकंदर 10 किग्रा नष्ट कराई गईं। एफएसडीए की टीम ने सब्जी मंडी के विक्रेताओं और आढ़तियों से कहा कि वह फल एवं सब्जियों का उचित रखरखाव करें और सड़ी-गली सब्जियों को न बेचें।
मंडी में कीचड़ की भरमार, चलना मुहाल
सिकंदरा फल एवं सब्जी मंडी में दो दिन की बारिश के बाद व्यापार करना मुश्किल हो गया। यहां कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों का पैदल निकलना कठिन है। सड़ी-गली सब्जियों को फेंकने के कारण दुर्गंध है, वहीं जगह-जगह पानी भर जाने के कारण दुकानदार भी व्यापार नहीं कर पा रहे। फल मंडी और सब्जी मंडी की ओर के गेट के पास कचरे के ढेर लगे हैं, जबकि कीचड़ के कारण पैर फंस रहे हैं।