पिता की एक बात बेटे की जिंदगी का लक्ष्य बन गई। आवास विकास बोदला निवासी लव गोयल बुधवार को कौन बनेगा करोड़पति में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठे नजर आएंगे। सेल्स मैनेजर के रूप में काम कर रहे लव के केबीसी तक पहुंचने के सफर का रास्ता पिता के वर्षों पुराने ख्वाब और उनकी मेहनत के दम पर साकार हुआ।
लव बताते हैं कि पिता दीपक केबीसी शुरू होने के समय से ही शो देखते आ रहे हैं। वर्ष 2023 में उन्होंने लव से कहा कि बेटा तुम भी केबीसी में जाने की कोशिश करो। पिता की इस बात को लव ने गंभीरता से लिया और 2024 से तैयारी शुरू कर दी। वर्ष 2025 में उन्होंने केबीसी के पांच राउंड पूरे किए लेकिन इसके बाद उन्हें कॉल नहीं आया। हालांकि इन पांच राउंड ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें लगा कि वह अगले प्रयास में और बेहतर कर सकते हैं।
लव ने इसके बाद तैयारी जारी रखी। वर्ष 2026 में उन्होंने केबीसी के छह राउंड पूरे किए और इस बार उनका चयन हो गया। अब बुधवार को वह अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर सवालों का सामना करेंगे।
लव बताते हैं कि उनकी बहन ने भी वर्ष 2024 में केबीसी के लिए प्रयास किया था लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकीं। बहन के प्रयास से उन्हें और प्रेरणा मिली। उन्होंने पिता के सपने को अपना लक्ष्य बनाया और लगातार तैयारी करते रहे। आखिरकार दो साल की मेहनत के बाद वह उस मुकाम तक पहुंच गए, जहां पहुंचने का सपना उनके पिता लंबे समय से देखते आ रहे थे।