आगरा। एक जूता कारोबारी से उसके ही व्यापारिक मित्र ने 62 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। पहले जरूरत बताकर उधार ली फिर रकम लौटाने से इन्कार कर दिया। इस सदमे से कारोबारी के पिता की मौत हो गई। पीड़ित ने हरीपर्वत थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
हरदेवगंज, बेलनगंज निवासी शुभम सिंह जूते का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से उनके दुर्गेश शर्मा के साथ व्यापारिक संबंध थे। दुर्गेश पर उनके करीब 47 लाख रुपये उधार हो गए। कुछ समय बाद दुर्गेश ने एक विचाराधीन केस में समझौते के नाम पर 15 लाख रुपये की जरूरत बताई। उसने पिता उमेश चंद्र के सामने रोकर रुपये लिए। अपनी केनरा बैंक की सावधि जमा (एफडी) से जमानत भी दे दी। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर दुर्गेश ने मकान बेचकर लौटाने की बात कही। हालांकि, काफी समय बीतने के बाद भी उसने रकम नहीं लौटाई।
रकम न मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कारोबारी का आरोप है कि रकम डूबने के सदमे में पिता की हृदयाघात से मौत हो गई। 20 जुलाई को सूर्यनगर स्थित पीएनबी के पास तगादा करने पर दुर्गेश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू करा दी गई है।