सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मधुमेह पीड़ित बच्चों की जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी। इंसुलिन भी निशुल्क दिए जाएंगे। शुरुआती चरण में चार सीएचसी में ये व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए जरूरी उपकरण और स्टाफ उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अभी एसएन मेडिकल कॉलेज में ही मधुमेह पीड़ित बच्चों को निशुल्क इलाज मिल रहा है।
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मधुमेह से पीड़ित बच्चों के लिए अभी बाह, खेरागढ़, शमसाबाद और एत्मादपुर सीएचसी पर व्यवस्था की जा रही है। स्क्रीनिंग और जांच के बाद बीमारी की पुष्टि होने पर यहां इलाज मिलेगा। इंसुलिन भी दी जाएगी। इसमें एसएन मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सक की भी मदद ली जाएगी।
एसएन में हर शुक्रवार को लगती है क्लीनिक
एसएन मेडिकल कॉलेज में हर शुक्रवार को मधुमेह क्लीनिक लगती है। नोडल अधिकारी डॉ. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि ओपीडी कॉम्प्लेक्स- दो के कमरा नंबर- 44 में मधुमेह क्लीनिक संचालित हो रही है। यह सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक चलती है। अभी 452 बच्चे पंजीकृत हैं। इनकी जांच के साथ निशुल्क इंसुलिन भी दी जाती है। इसमें एनजीओ की मदद भी ली जा रही है।