लघु सिंचाई विभाग गांवों में भी वर्षा के जल की एक-एक बूंद सहेजने की तैयारी शुरू कर दी है। 30 जून तक सभी सरकारी भवनों पर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विभाग ने डीपीआर तैयार कर शासन को भेज दी है। अनुमति मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। ये सिस्टम उन्हीं सरकारी भवनों में लगाया जाएगा जो डार्क एरिया में होंगे। बरौली अहीर ब्लॉक अति दोहित क्षेत्र में शामिल है। जनपद के 15 ब्लॉक में 12 ब्लॉक डार्क जोन में है।
ब्लॉक मुख्यालय स्थित लघु सिंचाई विभाग कार्यालय पर मौजूद अधिशासी अभियंता डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि उन ब्लॉकों के भवनों को चयनित किया है, जो डार्क एरिया में हैं। बरौली अहीर में भूजल स्तर की स्थिति काफी खराब है। ब्लॉक क्षेत्र के सभी सरकारी भवनों पर 30 जून तक हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की पूरी तैयारी है। इसके लिए शासन ने भी निर्देश जारी कर दिया है स्टेटमेंट तैयार है वर्षा के एक-एक बूंद जल के संरक्षण की तैयारी है।
सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है। 15 दिन बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू करा दी जाएगी। इनका कहना था वर्षा के जल संचय लिए अन्य कई योजनाएं भी संचालित की जा रही है, जिसमें चेकडैम बनाना शामिल है। अधिशासी अभियंता ने क्षेत्र के लोगों से स्वयं भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि छतों के जल को पाइप के माध्यम गड्ढे बनाकर भूमि के अंदर पहुंचाएं।