योगी सरकार में रक्षाबंधन पर बहनों को इस दफा भी रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा करने का तोहफा मिलेगा। इसके लिए रोडवेज अधिकारियों को सॉफ्टवेयर में बदलाव करना होगा, ताकि शून्य कीमत के टिकट दिए जा सकें।
यह योजना 24 घंटे के लिए होगी। उधर, रक्षाबंधन के त्योहार पर 24 से 29 अगस्त तक चालक, परिचालकों को प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर मायके जाने वाली बहनों को नि:शुल्क यात्रा कराई थी।
इस दफा भी रोडवेज बसों में रक्षाबंधन वाले दिन महिलाओं और किशोरियों के लिए यात्रा मुफ्त रहेगी। इसके लिए परिचालक उन्हें शून्य धनराशि का टिकट देंगे। रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए साफ्टवेयर में बदलाव किया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
चालक और परिचालक को मिलेगा भत्ता
दूसरी ओर, रक्षाबंधन स्कीम में चालक और परिचालकों को 1800 किलोमीटर तक गाड़ी संचालन करने पर 1200 रुपये का प्रोत्साहन भत्ता भी दिया जाएगा। त्योहार के कारण 24 से 29 अगस्त तक चालक, परिचालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
इसके साथ अनुबंधित बसों के संचालकों को भी चेतावनी दी गई है कि वह किसी भी दशा में गाड़ी का संचालन नहीं रोकेंगे। त्योहार पर आगरा से गाजियाबाद, दिल्ली, फिरोजाबाद, अलीगढ़, मथुरा, राजस्थान के विभिन्न रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, ताकि किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
रोडवेज के क्षेत्रीय सेवा प्रबंधक एसपी सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। त्योहार पर छुट्टियां भी कैंसिल कर दी गई हैं। जिन बसों में खराबी थी, उन्हें भी ठीक कराने के बाद रूटों पर चलाया जा रहा है।