फिरोजाबाद में टप्पेबाजों ने इस तरह आंखों में धूल झोंकी कि किसी को विश्वास ही नहीं हो रहा कि वे ठगी का शिकार हो गए। टूंडला में शुक्रवार दोपहर को महिला को शिकार बनाया। बीमार धेवते को देखने बेटी के घर जा रही महिला से टप्पेबाज नगदी, मोबाइल और कुंडल ले गए। पीड़ित महिला ने थाने में तहरीर दी है। वहीं दूसरी घटना में कस्बा जसराना के फरिहा रोड पर एक महिला से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना में भरा हुआ सिलिंडर देने का वायदा कर बाइक सवार दो युवक दो खाली सिलिंडर ले गए।
ये है पहली घटना
घटना टूंडला सुभाष चौराहे की है। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के नगला नंदा निवासी श्यामवती शुक्रवार दोपहर एक बजे करीब बीमार धेवते को देखने अपनी बेटी की ससुराल गढ़ी ठाकुरन थाना पचोखरा जा रही थी। टूंडला सुभाष चौराहे पर वह बेटी की ससुराल जाने के लिए वाहन तलाश रही थी। इसी बीच उनके पास एक युवक पहुंचा तथा दो दिन से भूखा होने की बात कहते हुए महिला से खाना खिलवाने की बात कहने लगा। इस बीच वहां अन्य अन्य युवक पहुंचा तथा वह महिला से उस युवक को खाने के पैसे देने के लिए कहने लगा। श्यामवती ने जब पैसे देने से इन्कार कर दिया तो उसने महिला को बातों में उलझा लिया तथा कहा कि कानों के कुंडल, मोबाइल और पैसे रुमाल में बंद करके रख लो नहीं तो कोई छीनकर ले जाएगा। यहां चोर बहुत हैं, वह बातों में आ गईं और उसके सहयोग से उन्होंने सभी सामान रुमाल में रख लिया। उन युवकों के जाने के बाद महिला ने जब रूमाल खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए। रूमाल में मात्र एक एक के दो सिक्के रखे हुए थे जबकि उसका मोबाइल, 1500 रुपये और कानों के कुंडल गायब थे।
दूसरी घटना
कस्बा के फरिहा रोड पर ईदगाह के पास रामवीर सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार की दोपहर उनकी पुत्रवधुएं घर पर थी। तभी बाइक सवार दो युवक आए और खुद को प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से जुड़ा होने की जानकारी दी। इस दौरान कहा कि योजना के तहत आपको फ्री में भरा हुआ सिलिंडर दिया जाएगा। खाली सिलिंडर मांगा। महिला ने विश्वासकर दो खाली सिलिंडर पकडा दिए। रामवीर की पत्नी मुन्नी देवी जब घर लौटकर आई तो पुत्रवधु ने पूरी जानकारी दी। अपने साथ ठगी होने का अहसास होने पर मुन्नीदेवी ने सभी को अवगत कराया। लोगों ने अपाचे सवार दोनों युवकों को तलाशने का प्रयास किया। लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।