साइबर अपराधियों ने आगरा के महापौर नवीन जैन के भाई की कंपनी पीएनसी इंफ्राटेक में नौकरी लगवाने के नाम पर युवाओं से ठगी कर ली। गूगल पर दर्ज कंपनी के दफ्तर का नंबर बदल दिया। कॉल करने वाले युवकों को एचआर मैनेजर बताकर उनके मोबाइल पर लिंक भेजा और खाते की जानकारी ले ली।
इसके बाद साइबर अपराधियों ने खातों से रकम निकाल ली। चार लोगों की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को कंपनी के एचआर मैनेजर और सुरक्षा अधिकारी ने एसएसपी बबलू कुमार को तहरीर दी। मामले की जांच साइबर क्राइम सेल को सौंपी गई है।
सुल्तानपुर के थाना अखंडनगर निवासी मोहम्मद परवेज ने पीएनसी कंपनी में नौकरी के लिए गूगल पर कंपनी का नंबर सर्च किया था। इसमें एक मोबाइल नंबर आया, जिस पर उन्होंने कॉल किया। कॉल रिसीव करने वाले ने खुद को कंपनी का एचआर मैनेजर बताया।