मैनपुरी। विकास खंड कुरावली के गांव ईसई खास के राशन डीलर पर पंचायत सचिव ने उनके फर्जी हस्ताक्षर कर राशन का उठान करने की शिकायत की है। उप जिलाधिकारी से की गई शिकायत में पांच माह से डीलर द्वारा राशन का वितरण न करने की भी बात कही है।
गांव ईसई खास में बतौर पंचायत सचिव रविनेश कुमार की तैनाती है। नियमानुसार सचिव के हस्ताक्षर के बाद ही प्रतिमाह राशन का उठान गोदाम से होता है। सचिव ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी कुरावली से शिकायत की है। इसमें कहा कि ईसई खास की कोटा डीलर प्रवेश कुमारी द्वारा पांच माह से लगातार उनके फर्जी हस्ताक्षर कर राशन का उठान किया जा रहा है। वहीं उन्होंने कोटा डीलर पर राशन का वितरण न करने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने मामले में उप जिलाधिकारी से जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
लगातार हो रहा है राशन वितरण
एक ओर जहां पंचायत सचिव ने कोटेदार द्वारा राशन वितरण न करने की बात कही गई है तो वहीं पूर्ति विभाग राशन वितरण की बात कह रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी यूआर खान ने बताया कि ई-पॉस से राशन वितरण के चलते उसमें गड़बड़ी संभव नहीं है। वहीं अगर राशन वितरण न किया गया होता तो ई-पॉस से जानकारी हो जाती। हालांकि शिकायत के संबंध में उन्होंने जानकारी न होने की बात कही।
नियमानुसार राशन का उठान करके वितरण किया जा रहा है। किसी के फर्जी हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं। सोची समझी साजिश के तहत आरोप लगाए जा रहे हैं।
-प्रवेश कुमारी, कोटा डीलर।