फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचायती राज विभाग ने की 1.33 करोड़ रुपये की आयकर चोरी, नोटिस जारी

विज्ञापन
कासगंज का जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय - फोटो : KASGANJ
विज्ञापन
कासगंज। आयकर विभाग ने जिले के सरकारी महकमे जिला पंचायत राज विभाग में आयकर चोरी का एक बड़ा मामला पकड़ा है। 1.33 करोड़ रुपये टीडीएस की गड़बड़ी पकड़ी गई है। आयकर विभाग गाजियाबाद से पंचायती राज विभाग को नोटिस जारी कर दिया गया है और कर चोरी के मामले में जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। इधर पंचायती राज विभाग में टीडीएस गड़बड़ी की खबर से दिनभर हड़कंप मचा रहा। डीपीआरओ ने सभी पंचायतों के टैक्स संबंधी दस्तावेज मांगे हैं।
विज्ञापन

स्रोत पर कटौती(टीडीएस) को लेकर आयकर विभाग सरकारी महकमों की जांच कर रहा है। लंबे समय से चल रही जांच प्रक्रिया गाजियाबाद आयकर विभाग ने पूर्ण कर ली है। संयुक्त आयकर आयुक्त(टीडीएस) स्मिता सिंह के निर्देशन में पूरी की गई जांच में कासगंज जिले के पंचायती राज विभाग में कर चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। आयकर विभाग ने जांच के दौरान कासगंज पंचायती राज विभाग को मिली धनराशि और टैक्स से संबंधित दस्तावेज जुटाए। पाया गया कि पंचायती राज विभाग ने टीडीएस गड़बड़ी करते हुए 1.33 करोड़ आयकर चोरी किया है। टीडीएस के नाम पर बड़ी कटौती की गई है। आयकर विभाग गाजियाबाद में जांच कर रहीं संयुक्त जांच अधिकारी स्मिता सिंह ने पंचायती राज विभाग को नोटिस भेज दिए हैं। भले ही अभी पंचायती राज विभाग को नोटिस नहीं मिले हैं लेकिन टीडीएस गड़बड़ी की जानकारी मिलते ही विभाग में खलबली मच गई। डीपीआरओ ने सभी ग्राम पंचायतों के टैक्स संबंधी दस्तावेज मांग लिए हैं इससे टीडीएस के बारे में पूरी जानकारी हो सके। टीडीएस गड़बड़ी की खबर दिनभर पंचायती राज विभाग में चर्चा का विषय रही।
तो सरकारी खजाने को भी लगेगी चपत
यह जांच का विषय है कि टीडीएस में गड़बड़ी पंचायती राज विभाग कार्यालय से हुई है या ग्राम पंचायत स्तर से। फिलहाल जो भी हो लेकिन टीडीएस गड़बड़ी करने वालों पर जुर्माना लगना आयकर विभाग लगभग तय कर चुका है। यदि जुर्माना लगा तो निश्चित ही सरकारी खजाने को चपत लगेगी।
विज्ञापन

सजा का भी है प्रावधान
टीडीएस गड़बड़ी के मामले में आयकर विभाग गड़बड़ी करने वालों पर मुकदमा दर्ज करा सकता है और टीडीएस गड़बड़ी में विभाग को यह अधिकार है कि वह संबंधित को जेल भी भेज सकता है। हालांकि अभी सिर्फ चेतावनी नोटिस मिले हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आंकड़े की नजर से
- 66 करोड़ रुपये की धनराशि से कराए विकास कार्य के भुगतान पर नहीं कटवाया टीडीएस।
- 1.33 करोड़ रुपये की पाई गई है गड़बड़ी।
- 423 ग्राम पंचायते हैं जिले में।
- 200 से अधिक ग्राम पंचायतों में टीडीएस गड़बड़ी की आशंका।
वर्जन-
जानकारी है कार्रवाई की जाएगी
- अभी नोटिस नहीं मिले हैं लेकिन इस तरह की जानकारी मिली है कि कई ग्राम पंचायतों ने टीडीएस में गड़बड़ी की है। इसकी जानकारी कर रहे हैं। नोटिस मिलने के बाद लापरवाहों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - शाहनाज अंसारी, डीपीआरओ।
लंबे समय से चल रही थी जांच
- टीडीएस में गड़बड़ी को लेकर पंचायती राज विभाग में लंबे समय से जांच चल रही थी। जांच अधिकारियों ने जांच पूरी कर ली है। गाजियाबाद आयकर विभाग सीधे गड़बड़ी करने वाली पंचायतों और पंचायती विभाग को नोटिस भेज रहा है। - अब्दुल्ला खान, आयकर अधिकारी, टीडीएस अलीगढ़।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें