आगरा में जगदीशपुरा थाने में बिजली विभाग के जेई, एसडीओ, लिपिक और लाइनमैन सहित पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि फर्जी शपथपत्र लगाकर पीड़ित के बिजली कनेक्शन को दूसरे के नाम कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार भवर विहार, कलवारी निवासी अनिल कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें बालाजीपुरम निवासी गीता शर्मा, बिजली विभाग के लिपिक राकेश कुमार, जेई अनूप कुमार, एसडीओ शशिकांत और लाइनमैन विवेक गुप्ता को नामजद किया गया है। अनिल का आरोप है कि उन्होंने एक मकान खरीदा था। मगर, मालिक ने मकान का बैनामा नहीं किया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है। गीता शर्मा मकान पर कब्जा करना चाहती हैं। नवंबर 2019 में मकान का बैनामा भी अपने नाम करा लिया। 28 फरवरी 2020 को मकान पर लगा बिजली मीटर उखाड़कर ले गईं।
उन्होंने बताया कि दिसंबर 2020 में बिजली विभाग ने दूसरा मीटर लगा दिया। तीन महीने का बिल भी भरा। बिल उनके नाम पर ही था। मगर, अप्रैल में बिल गीता के नाम से आया। शिकायत पर विभाग में सुनवाई नहीं हुई। सूचना के अधिकार में पता चला कि उनके हस्ताक्षर का फर्जी शपथ पत्र लगाकर नाम बदलवा लिया गया है। तब एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की जांच चौकी अवधपुरी के प्रभारी दीपक चौधरी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।