ताजमहल की मस्जिद में नमाज पढ़ने पर सीआईएसएफ ने बुधवार को चार पर्यटकों को पकड़ लिया। इनमें तीन पर्यटक हैदराबाद के रहने वाले हैं, एक पर्यटक आजमगढ़ का है। सीआईएसएफ ने चारों को ताजगंज थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। एएसआई के अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने ताजमहल में केवल शुक्रवार को नमाज की अनुमति होने की बात कही है।
एएसआई- केवल शुक्रवार को नमाज की अनुमति
ताजमहल के मुख्य मकबरे की पश्चिमी दिशा में शाही मस्जिद बनी हुई है। नियमानुसार ताजमहल शुक्रवार को पर्यटकों के लिए बंद रहता है, लेकिन यहां स्थित मस्जिद में नमाज पढ़ने वालों के लिए दोपहर 12 से दो बजे तक स्मारक खुलता है। बुधवार को चार पर्यटकों ने मस्जिद में नमाज अदा की। इस पर उन्हें पकड़ लिया गया। एएसआई के मुताबिक ताजमहल की मस्जिद में केवल शुक्रवार को नमाज की अनुमति है।
कोर्ट से मिली जमानत
ताजगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत मिल गई। तेलंगाना के चारों पर्यटकों ने कहा कि उन्हें नियमों की जानकारी नहीं थी। कोई नोटिस बोर्ड होती तो पता चलता। वे केवल घूमने आए थे। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ताजमहल परिसर में किसी भी तरह की धार्मिक गतिविधि की इजाजत नहीं है। न्यायालय के आदेश पर ही केवल ताज की शाही मस्जिद में प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12 से दो बजे के बीच नमाज अदा की जा सकती है। अन्य दिनों में पाबंदी है।
इंतजामिया कमेटी- मस्जिद के बाहर लगाएं आदेश का नोटिस
इंतजामिया कमेटी के अध्यक्ष इब्राहिम जैदी ने कहा कि ताजमहल की मस्जिद में हमेशा से नमाज होती चली आ रही है। अभी कुछ दिनों से एएसआई ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कहा कि रोजाना की नमाज पर पाबंदी लगा दी है। इंतजामिया कमेटी ने एएसआई से लिखित में ऐसा आदेश मांगा है। कमेटी ने कहा कि अगर ऐसा आदेश है कि एएसआई को मस्जिद के बाहर इस तरह का बोर्ड लगा देना चाहिए।