फिरोजाबाद में खसरा और रूबेला टीकाकरण के बाद चार स्कूली बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों को सरकारी ट्रामा सेंटर लाई। उन्हें तुरंत उपचार दिया गया। बच्चों की हालत सुधरने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। टीका लगने के बाद चार बच्चे बीमार होने से अन्य छात्र-छात्राएं एवं स्कूल के शिक्षक भी घबरा गए।
मंगलवार को एएनएम की टीम मक्खनपुर में परशुराम स्मृति विद्यालय में रूबेला एवं खसरा का टीका लगाने स्कूल में पहुंची थी। टीम ने करीब 25 बच्चों के टीका लगा दिया था। इसमें कक्षा पांचवीं के यश यादव पुत्र अजय यादव निवासी नगला भावसिंह को उल्टी होने लगी। विद्यालय के शिक्षक एवं कक्षा में मौजूद लोग घबरा गए।
टीकाकरण के दौरान अन्य तीन छात्राओं ने भी चक्कर एवं पेट दर्द की शिकायत की। एएनएम द्वारा चिकित्सीय टीम को सूचना दी। तुरंत ही कक्षा पांचवी की छात्रा आकांक्षा पुत्री सत्यवीर सिंह निवासी नगला भाव सिंह, ख्याति पुत्र राकेश बाबू निवासी स्टेशन रोड़ मक्खनपुर, खुशबू पुत्री मदनपाल निवासी स्टेशन रोड मक्खनपुर को सरकारी ट्रामा सेंटर लाया गया।