आगरा में स्वाइन फ्लू के तीन और मरीज मिले हैं। ये तीनों मरीज लोहामंडी निवासी पीड़ित महिला के परिजन हैं। इनका इलाज शुरू कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मंगलवार को फिर से हाल जानने घर जाएगी।
लोहामंडी निवासी 26 साल की महिला का स्वाइन फ्लू होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। ये पांच माह की गर्भवती भी हैं। परिजनों में भी बीमारी की संभावना पर एसएन मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की टीम सोमवार को इनके घर गई और चार परिजनों के नमूने लिए।
वायरोलॉजी लैब में जांच के बाद 30 साल के पति, 32 साल के जेठ और साढे़ तीन साल की बेटी को इन्फ्लुएंजा ए एच1एन1 की पुष्टि हुई है। महिला मरीज की मां की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इन तीनों का इलाज शुरू कर होम आइसोलेशन में रखा गया है। अन्य परिजनों को मास्क उपयोग करने के लिए कहा गया है।