दो जनवरी को कराई थी जांच
क्वारंटीन का समय पूरा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो जनवरी को सॉफ्टवेयर इंजीनियर के परिवार की कोरोना जांच के लिए सैंपल कराए थे। इसमें तीन लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। सुहागनगर में अपने मित्र के यहां आए 21 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। युवक की रेलवे स्टेशन पर कोरोना जांच कराई गई थी।
दिल्ली से गणेश नगर में आई 24 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित पाई गई है। युवती की मोबाइल टीम ने जांच के लिए सैंपल लिया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम पहुंची। युवती का ओमिक्रॉन जांच के लिए सैंपल लिया। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों का भी सैंपल लिया गया।
67 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी संक्रमित
पैमेश्वर गेट गली नंबर आठ निवासी 67 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। शिकोहाबाद एटा रोड निवासी 36 वर्षीय युवक कोरोना संक्रमित पाया है। युवक नए साल पर दिल्ली से लौटा था। शिकोहाबाद निवासी 35 वर्षीय युवक में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी मरीजों के घर पहुंचकर सैंपल लिए। सभी को फिलहाल होम आइसोलेट किया है। सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि 24 घंटे में चार लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। लोगों से अपील है कि कोरोना से बचाव की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन करें।
विदेश से आए तीन और लोग
रविवार को रात्रि तीन और लोग विदेश से लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग को खबर मिलीं तो तुरंत ही विदेश से आने वाले लोगों की जांच के लिए टीमें पहुंच गईं। विदेश से आने वाले लोगों को सात दिन के लिए क्वारंटीन किया है। इधर, कोविड कंट्रोल रूम से निगरानी बढ़ाई जा रही है। अभी तक 160 से ज्यादा लोग विदेश से सुहागनगरी में वापस लौटे हैं।
कंट्रोल रूम में बढ़ी हलचल
सीएमओ कार्यालय में कंट्रोल रूम का संचालन हो रहा है। अभी तक विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी कोविड रूम से की जा रही है। सोमवार को चार मरीज संक्रमित पाए गए। उसके बाद कंट्रोल रूम में हलचल शुरु हो गई। कंट्रोल रूम से टीमों को रवाना किया गया। शासन को भी रिपोर्ट भेजी गई। इधर, मरीजों को फोन कर ट्रेसिंग भी की गई।
अस्पतालों में बढ़ाई गई सतर्कता
कोविड मरीज निकलने के बाद अस्पतालों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। बिना मास्क के प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। जो मरीज और तीमारदार बिना मास्क के आए थे, उन्हें मास्क लगाकर आने के लिए कहा गया। सभी कर्मचारियों के लिए मास्क पहनना अनिवार्य है।