आगरा। कोतवाली के कूंचा साधूराम में रेखा, उनके तीन बच्चों टुकटुक उर्फ वंश, पारस और माही की हत्या के मामले में पुलिस को चार दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। छह लोगों से पूछताछ के बाद भी नतीजा सिफर ही रहा है। अब पुलिस को रेखा की पूर्व नौकरानी और प्रापर्टी डीलर की तलाश है।
कूंचा साधूराम मोहल्ले में रहने वाली रेखा और उनके तीन बच्चों की हत्या बुधवार दोपहर को कर दी गई थी। हत्याकांड का पता बृहस्पतिवार सुबह घर खुला होने पर चल सका था। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीम लगी हैं। पुलिस ने रेखा के पूर्व पति, मुंह बोले भाई किट्टू शर्मा, उनके पुजारी पिता, दोस्त सत्येंद्र यादव, रामपुर निवासी जैनुद और मित्र प्रीति को पूछताछ के लिए उठा लिया था। सभी से अलग-अलग पूछताछ की गई। किट्टू और जैनुद से रेखा के परिचितों के बारे में पुलिस को जानकारी लगी। मगर, कोई नतीजा नहीं निकल सका। रविवार को भी पुलिस मोहल्ले के लोगों से पता करने में लगी रही। वहीं थाने लाए गए लोगों से और भी पूछताछ की है।
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि रेखा के घर में तीन महीने पहले एक नौकरानी काम करती थी। वह घर में रुकती भी थी। उसे रेखा तीन हजार रुपये प्रति माह देती थी। मगर, वह अब पांच हजार रुपये की मांग कर रही थी। इस पर रेखा ने उसे हटा दिया था। अब नौकरानी के बारे में पता किया जा रहा है। वह कहां रहती है। नौकरानी अब तक मिली नहीं है। वहीं रेखा के संपर्क में कई प्रापर्टी डीलर भी थे। रेखा अपना मकान 25 लाख रुपये में बेचना चाहती थी। लेकिन प्रापर्टी डीलर उससे 12 लाख तक में मकान खरीदने के लिए बात कर रहे थे।
एसएसपी मुनिराज जी बताया कि हत्याकांड के संबंध में कई बिंदुुओं पर विवेचना चल रही है। नौकरानी और प्रापर्टी डीलर की तलाश की जा रही है। वहीं रेखा के करीबी, रिश्तेदार और अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी कर रहे हैं।
मोहल्ले में गोपनीय तरीके से जानकारी जुटा रही पुलिस
कूंचा साधूराम से निकलने के दो रास्ते हैं। एक रास्ता पाय चौकी की तरफ जाता है, जबकि दूसरा रास्ता चौबेजी की गली से होते हुए जाता है। यह बेगम ड्योढ़ी और माईथान की तरफ जाता है। पुलिस इन रास्तों पर रहने वाले लोगों से जानकारी जुटा रही है। इसके लिए गोपनीय तरीके से पुलिस छानबीन में लगी है।
नहीं दी गई किसी को भी क्लीन चिट
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेखा के मुंह बोले भाई किट्टू, दोस्त जैनुद, सत्येंद्र यादव, पूर्व पति सुनील, उसकी मित्र को क्लीन चिट नहीं दी गई है। उनसे पूछताछ की जा रही है। किट्टू शर्मा और जैनुद पुलिस के पूछने में रोजाना एक नई कहानी बता देते हैं। इससे पुलिस उलझ रही है। यह पता करने का प्रयास किया जा रहा है कि ऐसा क्या था? रेखा की जिंदगी के लिए खतरा बन गया।
रिश्तेदारों से भी पुलिस जानकारी जुटा रही
पुलिस ने रेखा के परिचितों, पति, दोस्तों के अलावा रिश्तेदारों से भी जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। यह देखा जा रहा है कि रेखा ने किसी से तो घटना से कुछ दिन पहले बात की होगी। इसके अलावा रेखा के मोबाइल और फेसबुक प्रोफाइल को भी खोलने का प्रयास किया जा रहा है।