फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: बेटा-बेटी ने करवाई थी पिता की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा, फंसने से बचा निर्दोष अनवर

Wed, 31 Mar 2021 09:34 AM IST
मुकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, आगरा

सार

  • बेटी के प्रेमी के दोस्त ने चारपाई के पाये से सिर कूंचकर ली थी जान, विरोधी अनवर पर लगाया था आरोप
विज्ञापन
मृतक सुनील कुमार का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के थाना चित्राहाट के नाहि का पुरा गांव में हुई पूर्व प्रधान के बेटे की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार को पुलिस ने मृतक के बेटा-बेटी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार संपत्ति विवाद में बेटा-बेटी समेत इन्हीं चार लोगों ने साजिश रचकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया है। 
विज्ञापन


नाहि का पुरा गांव में 25 मार्च की रात को पूर्व प्रधान रामप्रकाश के बेटे सुनील कुमार की हत्या कर दी गई थी। थानाध्यक्ष चित्राहाट महेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि मृतक के बेटे अनुज ने हत्या में गांव के ही अनवर को नामजद किया था। इसके पीछे 21 मार्च को अनवर के बेटे विजय और अनुज के बीच विवाद में अनुज के साथ मारपीट किया जाना बताया गया था। 

आरोपी अनवर की तलाश में जुटी पुलिस की टीमों के हाथ कई अहम सुराग लगे। जिससे यह खुलासा हुआ। एसओ के मुताबिक मृतक सुनील कुमार संपत्ति बेच-बेच कर अपने शौक पूरे कर रहा था। हाल ही में छह बीघा जमीन का 20 लाख रुपये में सौदा किया था। जिसका विरोध करने पर सुनील कुमार ने बेटे अनुज और बेटी अल्पना के साथ मारपीट की थी। 
विज्ञापन

इस पर अनुज और अल्पना ने सूरजनगर गांव के संजेश के साथ मिलकर पिता सुनील की हत्या की साजिश रची। अल्पना के प्रेमी संजेश और उसके दोस्त सूरजनगर के मदन यादव ने वारदात को अंजाम दिया। सुनील को चारपाई के पाए से सिर कूंचकर मौत के घाट उतारा गया था।

खून से सना चारपाई का पाया बरामद
सोमवार को इंस्पेक्टर बाह विनोद कुमार पवार, एसओ जैतपुर योगेंद्र पाल सिंह, एसओ चित्राहाट महेंद्र सिंह भदौरिया, सर्विलांस टीम के प्रभारी नरेंद्र कुमार की टीम ने मदन यादव को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर खून से सना चारपाई का पाया भी बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी आशा देवी के बयान के बाद उसके बेटा-बेटी की वारदात में लिप्त होने की बात सामने आई थी।

अनवर से झगड़े का बाद रची साजिश
संपत्ति के विवाद में आए दिन हो रहे गृह क्लेश के बीच 21 मार्च को गांव में बच्चों के विवाद में अनुज का अनवर से झगड़ा हुआ। इसी घटना को आधार बनाकर अनुज और अल्पना ने अपने पिता सुनील की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक अल्पना के छह साल से सूरज नगर के संजेश से प्रेम संबंध है। 
 
विज्ञापन

अल्पना की खातिर संजेश ने अपने ही गांव के दोस्त मदन यादव को हत्या करने के लिए तैयार किया। बुधवार की रात को संजेश की फोन कॉल पर ही मदन सुनील की हत्या करने के लिए पहुंचा। हत्या के बाद गली से निकलकर खेत में खून से सने पाये को फेंक दिया था।                                  

फंसने से बचा निर्दोष अनवर
नामजद हत्यारोपी अनवर को पुलिस ने पकड़कर कड़ाई से पूछताछ की थी। पूछताछ में अनवर ने पुलिस को बताया था कि सुनील की हत्या के बाद वह मौके पर पहुंचा था। मृतक का शव चारपाई से उसने ही उठवाकर जमीन पर रखवाया था। उसके बाद सुनील के परिजनों की कानाफूसी पर वहां से निकल गया था। मृतक की पत्नी से पूछताछ से मिले अहम सुराग से पुलिस इस वारदात का खुलासा करने में कामयाब रही। हत्या में नामजद निर्दोष अनवर जेल जाने से बच गया।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें