फतेहपुर सीकरी। विकासखंड के ग्राम नगला मंगोली के मजरा नगला धीरू में बरसात के बाद भीषण जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंदिर वाली गली में दो से तीन फीट तक गंदा और बदबूदार पानी भर जाने से कई घरों में पानी घुस गया है। हालात ऐसे हैं कि कुछ परिवार घरों में ताला लगाकर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं।
समाज सेवक सुनील कुमार पाराशर ने प्रशासन को भेजी शिकायत में बताया कि मंदिर वाली गली पिछले कई वर्षों से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से जूझ रही है। इस बार स्थिति और भी गंभीर हो गई है। गली में गंदा पानी और कचरा जमा होने से मंदिर जाने का रास्ता भी बाधित हो गया है। जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। जलभराव ट्रांसफार्मर वाले बिजली के खंभे तक पहुंच गया है, जिससे करंट फैलने और किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। पिछले वर्ष विकासखंड अधिकारी फतेहपुर सीकरी और एडीओ पंचायत ने मौके का निरीक्षण भी किया था, लेकिन आज तक स्थायी समाधान के लिए नाला या नाली का निर्माण नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल पंप लगाकर जल निकासी कराने, स्थायी नाला-नाली निर्माण, कचरा साफ कराने, दवा का छिड़काव कराने और बिजली सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।