आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन ने आगरा को वेडिंग सिटी ऑफ यूपी घोषित करने की मांग की है। एसोसिएशन ने राज्य सरकार से कहा है कि वह जल्द वेडिंग टूरिज्म पॉलिसी लागू करे। इससे पर्यटन के साथ रोजगार भी बढ़ेगा।
सूर्य नगर स्थित कार्यालय में हुई बैठक में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि ताजमहल जैसी ऐतिहासिक धरोहर, बेहतरीन एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी और विश्वस्तरीय हॉस्पिटेलिटी सेक्टर आगरा को दुनिया का सबसे मुफीद वेडिंग डेस्टिनेशन बनाते हैं।
महासचिव संदीप उपाध्याय ने कहा है कि वेडिंग टूरिज्म के विस्तार से होटल, कैटरिंग, फोटोग्राफी, इवेंट मैनेजमेंट, हस्तशिल्प और आभूषण जैसे 25 से अधिक प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष उद्योगों को संजीवनी मिलेगी। बैठक में उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल और पंकज गोयल ने उम्मीद जताई कि धार्मिक पर्यटन के साथ यूपी वेडिंग टूरिज्म की राजधानी बनेगा।
एसोसिएशन की प्रमुख मांगें
- आगरा को वेडिंग सिटी घोषित कर विशेष कार्ययोजना बने।
- यूपी वेडिंग टूरिज्म पॉलिसी और सिंगल विंडो सिस्टम लागू हो।
- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यूपी की वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में ब्रांडिंग।
- आगरा में आधुनिक वेडिंग एवं कन्वेंशन इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास हो।
- स्थानीय कला, संस्कृति व व्यंजनों को वेडिंग टूरिज्म से जोड़ा जाए।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना बैराज की मांग (फोटो)
समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रदेश सचिव ममता टपलू ने आगरा के लिए पांच सौगातें मुख्यमंत्री से मांगी हैं। उन्होंने आगरा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यमुना नदी पर बैराज और अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण करने की मांग की। जूता और पेठा उद्योग के लिए उच्चस्तरीय सुविधाएं व होटल-रेस्तरां उद्योग के लिए एनओसी और लाइसेंस प्रक्रिया के सरलीकरण की मांग भी की है।