आगरा में एक व्यक्ति ने खुद को हरीपर्वत थाने का दरोगा बताकर पूर्व सैनिक से 10,700 रुपये ठग लिए। अब थाने में की गई शिकायत वापस न लेने पर धमका रहा है। कह रहा है कि मेरा डीसीपी से संबंध है जेल भिजवा दूंगा। सदर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व सैनिक विजय पाल आर्मी बेस वर्कशाॅप, सदर में तैनात हैं। उन्होंने थाना सदर में केस दर्ज कराया है। दर्ज केस के मुताबिक विजय पाल ने बताया कि 26 जून को उनके पास एक नंबर से कॉल आई। काॅल करने वाले ने अपना नाम सुनील बताया। कहा कि वह दरोगा है। थाना हरीपर्वत में तैनाती है। एसओजी में काम कर रहा है।
वह पूछने लगा कि तुमने अपनी बाइक बेच दी है क्या। मना करने पर आरोपी ने कहा कि उसे किसी पढ़े लिखे लड़के की जरूरत है। मेट्रो के अधिकारी से जान पहचान है। नाैकरी लगवा सकता है। इस पर उन्होंने अपने बेटे के लिए बात की और 10,700 रुपये खाते में जमा करा लिए। जब वो थाने गए तो सुनील नाम का कोई दरोगा नहीं मिला। साइबर क्राइम की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने पर 4 जुलाई को काॅल कर सुनील ने रुपये खाते में जमा कराकर वापस कर दिए।
पूर्व सैनिक का कहना है कि आरोपी शिकायत वापस लेने का दबाव डाल रहा है, धमकी दे रहा है। उसने डीसीपी से संबंध बताकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है। केस दर्ज कर खुद को दरोगा बताने वाले सुनील के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।