पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शनिवार को आगरा पहुंचेंगे। सड़क मार्ग के रास्ते वह शाम चार बजे फतेहाबाद रोड स्थित कलाकृति कल्चरल एंड कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे। यहां शनिवार से 9 अक्तूबर तक चलने वाले छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित महानाट्य जाणता राजा का शुभारंभ करेंगे। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय चतुर्वेदी ने शुक्रवार को इस संबंध में कन्वेंशन सेंटर पर प्रेस वार्ता में बताया कि शुभारंभ के समय प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे।
दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम ने कहा कि छत्रपति शिवाजी का साहस, शौर्य और पराक्रम बेजोड़ है। नाटक जाणता राजा इस महान राजा के पूरे जीवन पर एक विहंगम दृष्टि डालता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिये प्रयास है कि ज्यादा लोग मिशन से जुड़ें और समाज कल्याण की इस धारा को आगे बढ़ाएं। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष सीए संजीव माहेश्वरी, स्वागत समिति के अध्यक्ष राकेश गर्ग, स्वागत समिति के महामंत्री अभिनव मौर्य, मिशन के सह संयोजक राघवेंद्र सिंह, ललित शर्मा आदि मौजूद रहे।