किरावली के खेड़ा वाकंदा के पूर्व प्रधान का आरोप है कि जब वे सांसद फतेहपुर सीकरी के आवास पर जा रहे थे, उसी दौरान हमला बोला गया। इस हमले में वे बाल-बाल बच गए।
आगरा में रह रहे फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर के खेरिया मोड़ स्थित आवास जा रहे किरावली के खेड़ा वाकंदा के पूर्व प्रधान ने हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गांव की रंजिश में विरोधी पक्ष के लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। वह भागे तो पीछे से फायरिंग की। पुलिस के आने पर घर पहुंच सके। हालांकि पुलिस का कहना है कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
विज्ञापन
ग्राम खेड़ा वाकंदा, किरावली निवासी ग्याप्रसाद शर्मा वर्ष 2015-2020 में प्रधान रहे थे। घटना मंगलवार पूर्वाह्न 11:30 बजे की है। ग्याप्रसाद ने बताया कि घर के बराबर में रहने वाले रामबाबू का परिवार रंजिश मानता है। घर के बगल में बनी 40 साल पुरानी दीवार पर कब्जा करना चाहते हैं। दो दिन पहले सांसद राजकुमार चाहर से फोन पर बात हुई थी। इस पर वो उनसे मिलने के लिए उनके आवास खेरिया मोड़ बाइक से जा रहे थे।
सांसद आवास से पहले ही उन्हें विपक्षियों ने घेर लिया। वह एयरफोर्स स्टेशन से पहले सुमन नगर की गली में भागे। एक आरोपी ने उनको निशाना बनाते हुए फायरिंग की। वह बाल-बाल बचे और एक कार के पीछे जाकर छिप गए। 1 घंटे तक वहीं रहे। बाद में डीसीपी सिटी को काॅल किया। तब शाहगंज पुलिस पहुंची। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
विज्ञापन
एसीपी लोहामंडी मयंक तिवारी ने बताया कि जिस जगह पर घटना बताई गई, वहां पर पुलिस के साथ ही एयरफोर्स के जवान तैनात रहते हैं। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे गए। मगर, फायरिंग की पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जा रही है।