करहल। थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में रविवार को पूर्व और वर्तमान प्रधान पक्ष के लोग आमने सामने आने के बाद जमकर मारपीट और फायरिंग हुई। करीब आधा घंटे तक दहशत का माहौल रहा। इस दौरान लाठी डंड़े और फावड़े से दो गाड़ियां तोड़ दी गईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर शाम पूर्व प्रधान पक्ष की ओर से केस दर्ज कराया गया है।
गांव अल्लीपुर में हुई मारपीट फायरिंग की घटना के बाद थाना प्रभारी विक्रांत गुर्जर पुलिस बल के साथ पहुंचे, पुलिस को आता देख उपद्रव कर रहे लोग वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने मौके पर जांच की, पता चला कि पूर्व प्रधान बंटू उर्फ अखिलेश अपने सहयोगी विनय निवासी अल्लीपुर, सौरभ निवासी नगला अनूप करहल के साथ अल्लीपुर निवासी बलवीर सिंह के घर में बैठे थे।
तभी प्रधानी चुनाव की रंजिश मान रहे वर्तमान प्रधान अवधेश उर्फ कन्हैया निवासी नगला कथूले के इशारे पर अल्लीपुर के राशन डीलर अंकित, जनवेद, उम्मेद, बीटू, सुशील, सुखवीर सहित अन्य लोग ने फावड़ा डंडे से घर में घुसकर हमला बोल दिया। हमले में अखिलेश और अन्य साथी घायल हो गए। अखिलेश ने किसी तरह से संपर्क कर अपने परिवार व समर्थकों को बुला लिया, जब वह लोग दो गाड़ियों से अल्लीपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी वर्तमान प्रधान पक्ष के लोगों ने हमला बोल दिया।
दोनों गाड़ियों में तोड़फोड़ की। वहीं मौके पर पूर्व प्रधान पक्ष की ओर से फायरिंग की गई। बवाल के दौरान सीताराम निवासी अल्लीपुर, अंकित, जनवेद, विनीत घायल हो गए।
पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूर्व प्रधान अखिलेश के पिता राम गोपाल की तहरीर पर नामजद लोगों पर केस दर्ज किया गया है। तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।