आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में एंथला सोसाइटी से कार सवार दोस्तों ने युवक को बहाने से बुलाकर उसे अगवा कर लिया। कार में बंधक बनाकर उससे ट्रेडिंग के नाम पर रुपये मांगे। पीड़ित ने मौका देख कार से कूदकर जान बचाई। शिकायत पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुटी है।
फिरोजाबाद के थाना एका के प्रेमपुर निवासी आर्यन यादव ने बताया कि वह वर्तमान में आवास विकास स्थित एंथला सोसाइटी में किराये पर रहता है। पूर्व में नोएडा में सीएसई की पढ़ाई के दौरान क्रिकेट खेलने जाते समय उसकी दोस्ती पीयूष कुमार गुप्ता से हुई थी। पीयूष ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिये पैसा कमाने का झांसा दिया और उससे लगातार पैसे मांगने लगा। रकम वापस नहीं मिलने पर भी आरोपी लगातार रकम की मांग करते थे।
इससे परेशान होकर वह 8 जनवरी को नोएडा छोड़कर आगरा आ गया। यहां दोस्त विक्रांत के साथ रहकर पढ़ाई करने लगा। पीड़ित का आरोप है कि 21 जनवरी की रात पीयूष कुमार गुप्ता और निखिल द्विवेदी तीन-चार अज्ञात युवकों के साथ उसके फ्लैट पर आए और रुपयों की मांग की। अगले दिन 22 जनवरी की सुबह 7 बजे बहाने से उसे कार में बिठाकर ले गए और चार-पांच घंटे तक कार में घुमाते हुए रुपये देने के लिए दबाव बनाते रहे।
आरोपियों ने उसे उतरने नहीं दिया। अलीगढ़ में कार रुकने पर वह मौका देख भाग निकला, लेकिन उसका आईफोन कार में ही रह गया। घटना की जानकारी परिजन को देने के बाद वह आगरा पहुंचा और थाना जगदीशपुरा में शिकायत की। थाना प्रभारी का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।