मैनपुरी। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने पहली बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा दो पालियों में कराने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही पहले ही दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा एक साथ होगी। परीक्षा कार्यक्रम में हुए बदलाव के चलते इस बार की परीक्षाएं 15 कार्य दिवस तक चलेंगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद 2025 की परीक्षाएं 25 फरवरी से शुरू होेकर 12 मार्च को समाप्त हुई थीं। इस बार की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा कार्यक्रम में पहली बार बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अभी तक हाईस्कूल हिंदी और प्रारंभिक हिंदी की परीक्षाएं सुबह की पाली में एक साथ होती रही हैं। इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी और हिंदी की परीक्षाएं शाम की पाली में होती आई हैं। लेकिन 2026 की बोर्ड परीक्षा में इसमें बदलाव किया गया है। 18 फरवरी को पहले ही दिन हाईस्कूल हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा सुबह की पाली में सुबह 8:30 बजे से 11:45 रखी गई है। सुबह की पाली में ही इंटरमीडिएट सामान्य हिंदी प्रश्नपत्र की परीक्षा भी होगी। वहीं दूसरी पाली में अपराह्न 2 बजे से 5:15 बजे तक हाईस्कूल प्रारंभिक हिंदी और इंटरमीडिएट हिंदी विषय की परीक्षा होगी। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशीय सदस्य कृष्णा नंद दुबे का कहना है कि हिंदी का प्रश्नपत्र दो पालियों में होने से छात्र-छात्राओं में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और वे चूक कर सकते हैं। ऐसे में उनका प्रश्नपत्र छूट भी सकता है। विभाग को इस पर एक बार विचार करना चाहिए। हिंदी का प्रश्नपत्र एक साथ कराना चाहिए।
डीआईओएस ने कोर्स समय से पूरा कराने के दिए निर्देश
परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक सतीश कुमार ने जिले के सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे बोर्ड परीक्षार्थियों का कोर्स समय से पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि विषय अध्यापकों की जिम्मेदारी है कि वह हर हाल में बोर्ड परीक्षार्थियों का कोर्स दिसंबर तक अंत तक पूरा करा दें। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा परिणाम का मूल्यांकन किया जाएगा। जिन विषयों में छात्रों के प्रतिशत अंक कम रहेंगे उस विषय के अध्यापक पर कार्रवाई की जाएगी।