मथुरा के बीएसए कॉलेज के समीप यादव मिठाई वाले मिष्ठान भंडार का निरीक्षण करने पहुंची खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को दुकानदार ने तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। कमरे में बंदकर टीम के सदस्यों को पीटा। मोबाइल छीन लिए। किसी प्रकार सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने टीम को मुक्त कराया। घटना सोमवार देर शाम की है। इस संबंध में दो नामजद और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के खाद्य सुरक्षा अधिकारी गजराज सिंह, दलवीर सिंह, मुकेश कुमार, भरत सिंह, खाद्य सहायक ताराचंद्र धारिया सोमवार देर शाम बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर एक मिठाई विक्रेता के यहां टीम निरीक्षण करने पहुंची। लाइसेंस जांचने के बाद संचालक से कारखाना दिखाने को कहा गया।
रसगुल्ले में थे कीड़े
मिष्ठान भंडार के रसगुल्ले में कीड़े दिखे तो टीम ने वीडियो बनाकर सैंपल लेना शुरू कर दिया। इसी बीच दुकानदार और उनके साथ के लोगों ने तमंचा दिखाते हुए नमूने छीन लिए और सरकारी कागज फाड़ दिए। टीम से लिखवा लिया गया कि जांच में सब कुछ ठीक मिला। वीडियो डिलीट कराकर टीम के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर दिया।