मैनपुरी। जांच के लिए भेजे जाने वाले खाद्य पदार्थों की दूसरी प्रति अब तापमान के चलते खराब नहीं होगी। इनके भंडारण के लिए शासन ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को तीन फ्रिज उपलब्ध कराए हैं। इनमें लंबे समय तक खाद्य पदार्थ के नमूनों को सुरक्षित रखा जा सकेगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मिलावट रोकने के लिए खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजता है। नमूने की एक प्रति जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेज दी जाती है तो वहीं दूसरी प्रति कार्यालय में ही संरक्षित की जाती है। जांच रिपोर्ट आने के बाद अगर संबंधित विक्रेता आपत्ति करता है तो दूसरी प्रति जांच के लिए भेजी जाती है, लेकिन कई बार रिपोर्ट आने में देरी होती है, इसके चलते कार्यालय में संरक्षित नमूने की प्रति खराब हो जाती है, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इसके लिए शासन ने तीन बड़े फ्रिज (डीप फ्रीजर) विभाग को उपलब्ध कराए हैं। इनमें -15 डिग्री सेल्सियस तापमान पर नमूनों को रखा जाएगा। इससे ये महीनों तक खराब नहीं होंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें जांच के लिए भेजा जा सकेगा। इससे जांच रिपोर्ट की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।