नमूना लेकर लैब में जांच के लिए भेजा।
आगरा। नवरात्र को देखते हुए खाद्य विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। पहले दिन टीम ने कुट्टू के आटे, घी, तेल समेत 13 सामग्री के नमूने लैब भेजे हैं। घटिया-मिलावटी की आशंका पर कुट्टू का आटा और सरसों का तेल भी सीज किया। इनकी जांच भी कराई जा रही है।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि टीम ने अछनेरा के जिंदल ट्रेडर्स पर जांच की। कुट्टू के आटे के 38 पैकेट मिले। नमी और घटिया प्रतीत होने पर सीज कर दिया है।
लोहामंडी स्थित गोपालदास ऑयल स्टोर पर टीम ने 180 लीटर सरसों का तेल सीज किया। इसमें मिलावट की आशंका है। इसकी कीमत 18 हजार रुपये है। यहीं से कृष्णा ब्रांड घी, माधव ब्रांड घी और सरसों के तेल के तीन नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए।
इसके अलावा बुंदू कटारा स्थित प्रीत किराना स्टोर से मूंगफली का दाना, जय शिवशंकर ट्रेडर्स से साबुत कुट्टू, नुनिहाई स्थित द्वारिकाधीश फूड इंडस्ट्रीज से घी के तीन, केके नगर सिकंदरा स्थित जेप्टो लिमिटेड से आनंदा और मिल्कफूड ब्रांड के घी के नमूने लिए।
कृष्णा नगर बंसल गृह उद्योग के यहां से कुट्टू का आटा और सिंघाड़े का आटा का नमूना लेकर लैब में जांच के लिए भेजा। सहायक आयुक्त ने बताया कि जांच में नमूने फेल होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।