आगरा में छह दिनों तक हाड़ कंपाने वाली सर्दी के बाद सातवें दिन सूरज ने आंखें खोलीं। गुरुवार को दोपहर में गुनगुनी धूप निकली। लेकिन देर रात घने कोहरे की चादर छा गई। दिन में धूप ने लोगों को सर्दी से कुछ राहत दी। दोपहर में धूप खिली तो अब 10 से 12 डिग्री के बीच चल रहे पारे ने छलांग लगाई। हालांकि शाम को बादलों की लुकाछिपी के बाद फिर से गलन भरी सर्दी ने लोगों को परेशान किया। रात में कोहरा इतना घना था कि बीस कदम दूर तक दिख नहीं रहा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बारिश, बूंदाबांदी के आसार रहेंगे।
गलन और पारा से बेहाल
गुरुवार की सुबह बेहद गलन भरी सर्दी रही और पारा सामान्य से नीचे रहा। दोपहर में 12 बजे के बाद हल्की धूप शुरू हुई जो शाम 4 बजे तक बनी रही। सात दिन बाद निकली धूप के कारण लोगों को कुछ राहत मिली और वह धूप सेंकने के लिए घरों की छतों और पार्क में नजर आए। पालीवाल पार्क और शहर के अन्य पार्कों, ऑफिसों में गुनगुनी धूप सेंकते लोग नजर आए। धूप के कारण दिन में पारा 5 डिग्री बढ़ गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों में बारिश के आसार बन रहे हैं। शुक्रवार की दोपहर बाद से बादलों की लुकाछिपी शुरू हो सकती है और कल, परसों में बारिश, बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दौरान न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल आ सकता है, वहीं दिन में पारा सामान्य से नीचे रहेगा।
देर रात घने कोहरे के आगोश में शहर
देर रात कोहरा इतना घना हो गया कि दोपहिया, चार पहिया और बड़े वाहनों के चालकों को हाईवे पर चलने में परेशानी हुई। दृश्यता शून्य के बराबर थी। कोहरा इतना घना था कि वाहन चालकों को गाड़ियों को हाईवे के किनारे कुछ देर के लिए खड़ा करना पड़ा।