बृहस्पितवार को शाम को बारिश होने से हाईवे पर वाहन रेंगते दिखाई दिए। अमर उजाला
- फोटो : संवाद
आगरा। साल 2026 के पहले दिन ही मौसम ने करवट ली। घना कोहरा, गलन भरी ठंड और बारिश से लोगाें को दिक्कत हुई। सुबह दृश्यता बेहद कम रही और पूरे दिन धूप नहीं निकली। लोग पूरे दिन ठिठुरने के लिए मजबूर हुए।
विभिन्न क्षेत्रों में सुबह से ही हल्की-हल्की बूंदाबांदी होती रही। शीतलहर चलने से लोग दिनभर ठिठुरते नजर आए। हालांकि, न्यू ईयर का भी जुनून दिखा। लोग घरों से बाहर निकले लेकिन बारिश की वजह से उन्हें परेशानी हुई। उधर, अस्पतालों में सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
प्रशासन ने फॉग लाइट के इस्तेमाल और धीमी गति से वाहन चलाने की अपील की है। डॉक्टरों ने भी लोगों को ठंड और नमी से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, गर्म पेय पदार्थ लेने और सुबह-शाम अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।
ट्रेन और फ्लाइट भी लेट
कोहरे के कारण आगरा से मुंबई जाने वाली फ्लाइट तीन घंटे लेट रही। 3 बजे फ्लाइट का समय रहा और 6 बजे के बाद फ्लाइट ने उड़ान भरी। उधर, एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित रहा। उत्कल एक्सप्रेस 8 घंटे 31 मिनट देरी से चली।
तीन दिन घना कोहरा होने के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक, बृहस्पतिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि, अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग ने अगले तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी दी है।