आगरा में डिग्री कॉलेज की परीक्षाओं में चेकिंग के दौरान उड़नदस्ते द्वारा रिश्वत मांगने और छात्राओं से अभद्रता करने का मामला सामने आया है। कुलपति से इसकी शिकायत की गई है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
उत्तर प्रदेश के आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की बीए तृतीय वर्ष परीक्षा के दौरान केंद्र पर निरीक्षण के लिए पहुंचे उड़नदस्ते पर रिश्वत मांगने और परीक्षा दे रही छात्राओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। परीक्षा केंद्राध्यक्ष की ओर से विश्वविद्यालय की कुलपति से शिकायत की गई है।
विज्ञापन
मामला राजा एसपी सिंह डिग्री कॉलेज, आगरा का है। केंद्राध्यक्ष के मुताबिक सुबह 07:00 से 10:00 बजे तक बीए तृतीय वर्ष की अंग्रेजी विषय की परीक्षा थी। इस दौरान उड़नदस्ता केंद्र पर निरीक्षण के लिए पहुंचा। दस्ते में तीन पुरुष सदस्य थे, कोई महिला सदस्य नहीं थी। सदस्यों ने कहा कि वह कॉलेज का निरीक्षण करने पहुंचे हैं, रिपोर्ट सही लगवानी है तो 30 हजार रुपये देने होंगे।
रिश्वत देने से मना करने पर एक सदस्य अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगे। जिस कक्ष में छात्राओं की परीक्षा चल रही थी, उसमें जाकर छात्राओं की गलत तरीके से तलाशी लेने लगे। पुरुष सदस्यों की ओर से तलाशी लिए जाने का विरोध किया गया तो सदस्य ने स्टाफ के साथ भी अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। कॉलेज को काली सूची में डालने की धमकी दी। कुलपति से उड़नदस्ता के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि शिकायत प्राप्त होने के बाद उड़नदस्ते के समन्वयक से रिपोर्ट मांगी गई। उनके मुताबिक उड़नदस्ता केंद्र पर पहुंचा तो गेट बंद था। देर में खुला। अंदर पहुंचने पर दस्ते को सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। छात्राओं से अभद्रता का आरोप गलत बताया गया। परीक्षा नियंत्रक का कहना है कि मामले की जांच कराई जाएगी।