अंडर-19 वुमेंस टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए यूपी महिला क्रिकेट टीम में आगरा की क्रिकेटर रमा कुशवाह, दिशा सिंह, संपदा दीक्षित, प्रिंसी चौधरी और पूजा राजपूत का चयन हुआ है।
आगरा जिले की क्रिकेटर बेटियों ने फिर कमाल किया है। अहमदाबाद में एक अक्तूबर से शुरू हो रही अंडर-19 वुमेंस टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के लिए यूपी महिला क्रिकेट टीम में शहर की पांच महिला क्रिकेटरों को स्थान मिला है। क्रिकेटर रमा कुशवाह, दिशा सिंह, संपदा दीक्षित, प्रिंसी चौधरी और पूजा राजपूत अंडर-19 में खेलेंगी।
विज्ञापन
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रकाश कौशल ने बताया कि टीम अहमदाबाद पहुंच चुकी है। खिलाड़ियों के चयन पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुनील जोशान, पूर्व रणजी खिलाड़ी सर्वेश भटनागर, विवेक यादव, फिरोज खान, अनीस राजपूत, तपेश शर्मा, द्रवित शर्मा आदि ने हर्ष जताया है।
रमा कुशवाहा दूसरी बार टीम में शामिल
रमा कुशवाहा दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। दूसरी बार अंडर-19 यूपी टीम में स्थान मिला है। पिछले सत्र 2021-22 में भी यूपी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इसी साल 2022 सितंबर में बंगलूरू में नेशनल क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) कैंप कर चुकी हैं। चाहर एकेडमी में प्रैक्टिस करती हैं।
क्रिकेटर पूजा और रमा
- फोटो : अमर उजाला
दिशा सिंह हैं गेंदबाज
दिशा सिंह मध्यम गति की गेंदबाज हैं। अंडर-19 यूपी क्रिकेट टीम में दूसरी बार चयनित हुई हैं। जिला स्तर से लेकर राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रभावशाली प्रदर्शन रहा है। विविधा क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस करती हैं।
संपदा दीक्षित का पहली बार हुआ चयन
संपदा दीक्षित दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। पहली बार यूपी अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। इससे पहले अंडर-16 यूपी टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। स्टार नेक्सट क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस करती हैं।
बल्लेबाज विकेटकीपर हैं प्रिंसी चौधरी
प्रिंसी चौधरी दाएं हाथ की बल्लेबाज और विकेटकीपर हैं। अंडर-16 यूपी टीम की ओर से खेल चुकी हैं। अंडर-19 यूपी टीम में पहली बार स्थान मिला है। मान्या क्रिकेट एकेडमी में प्रैक्टिस करती हैं।
पूजा राजपूत दाएं हाथ की बल्लेबाज हैं। अंडर-19 यूपी क्रिकेट टीम में स्थान मिला है। मध्यम क्रम की शानदार बल्लेबाज हैं। इससे पहले भी अंडर-19 यूपी टीम की सदस्य रह चुकी हैं। तीसरी बार चयन हुआ है। पूजा स्टार नेक्सट एकेडमी में प्रैक्टिस करती हैं।
क्रिकेटर दीप्ती और पूनम बजा रही डंका
आगरा की महिला क्रिकेट कई सालों से लगातार ऊंचाइयां छू रही हैं। क्रिकेट सीखने वाली युवतियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की पूर्व चयनकर्ता हेमलता काला भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कई सालों तक सदस्य रहीं।
इसके अलावा इंग्लैंड-भारत के बीच खेले गए आखिरी मुकाबले में रन आउट करने के बाद सुर्खियां बटोरने वाली क्रिकेटर दीप्ती शर्मा भी आगरा की रहने वाली हैं। टीम की सदस्य पूनम यादव भी भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।