फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra News: विधायक के भतीजों समेत पांच से 70 लाख की ठगी

Sat, 20 Jun 2026 02:28 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा। खेरागढ़ विधानसभा के विधायक भगवान सिंह कुशवाह के भतीजों समेत पांच को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 70 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। विधायक के भाई ने शाहगंज पुलिस को तहरीर दी तो आरोपी से रकम दिलवाने का वादा कर 20 दिन टरकाया गया। पीड़ित ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी के बेटे को फिरोजाबाद के मक्खनपुर में पकड़ लिया। पुलिस उसे जाकर ले आई लेकिन हिरासत में रखने से मना कर दिया है। पीड़ित कार्रवाई के लिए परेशान है।
विज्ञापन

पीड़ित खेरिया मोड़ निवासी विजय पाल कुशवाह ने बताया कि उनकी पत्नी मंजू खेरागढ़ में प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका हैं। पत्नी की सहेली एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने एक स्कूल के प्रिंसिपल के बारे में बताया कि उसकी पहुंच कई विभागों में है। उनके बेटे की प्रदूषण विभाग में सरकारी नौकरी लगवाई है। इस पर पत्नी ने उसके माध्यम से उस प्रिंसिपल से संपर्क किया। पहले 10 लाख रुपये में छोटे बेटे प्रशांत की जिला पंचायत में नौकरी लगाने का वादा किया। पत्नी ने गहने गिरवी रखकर पांच लाख रुपये दिए।
अगले ही दिन उसने लखनऊ जवाहर भवन बुलाया और वहां नियुक्ति पत्र दिलाया। तीन दिन में हाथरस में जॉइन करने के लिए कहा। हाथरस में उसे जॉइन कराया गया और तीन माह की ट्रेनिंग करवाई गई। इसके बाद उसने कन्नौज पीडब्ल्यूडी में नौकरी की बात कही और बड़े बेटे निशांत की नौकरी लगाने का वादा किया। बड़े बेटे को जॉइन करा दिया। वहां के अधिकारी बेटे को सब ठीक होने की बोलकर ट्रेनिंग कराने लगे। भरोसे में लेकर उनसे कुल 21 लाख रुपये लिए गए।
विज्ञापन

इसके बाद उनके क्षेत्रीय पार्षद के बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर 13 लाख ले लिए। उसे लखनऊ प्रदूषण विभाग में जॉइनिंग लेटर दिलाया। रायबरेली में ट्रेनिंग कराई। इसी तरह अन्य से भी 22.5 लाख रुपये लिए गए। बीस दिन पहले पीड़ित विधायक के भाई विजयपाल ने थाना शाहगंज की सराय ख्वाजा चौकी पर तहरीर दी। उन्हें टरकाया जाता रहा। इस पर एक आरोपी को फिरोजाबाद से पकड़कर पुलिस को दिया गया है लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है।
की जा रही है पूछताछ
पीड़ित पक्ष ने 10 दिन पूर्व नौकरी के नाम पर ठगी की शिकायत की थी। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। एक संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है। मामले में जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। - सय्यद अली अब्बास, डीसीपी सिटी
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें